मंगलवार की रात को कार में सवार होकर हंसी-खुशी हरिद्वार के लिए घूमने के लिए निकले बहादुरगढ़ के तीन युवकाें की यूपी के मुजफ्फरनगर के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई।
हादसा किस कारण हुआ यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मरने वाले दो युवकाें में से एक युवक अविवाहित था, अन्य दो युवकों की शादी हुए कुछ माह ही बीते थे। पीड़ित परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घायल तीन युवकों में से दो को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बहादुरगढ़ के बराही रोड निवासी सोनू, दयानंद नगर वासी मनोज, किला मौहल्ला निवासी मोनू व मुकेश और धर्मपुरा निवासी अनमोल आपस में गहरे दोस्त थे। पांचों युवक कार में सवार होकर मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे हंसी-ठिठोली के बीच हरिद्वार घूमने के लिए निकले थे।
सोनू के परिजनों के अनुसार मुजफ्फरनगर बाइपास के समीप उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में सोनू व मनोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन अन्य साथी घायल हो गए। घायलों को पहले वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाद में परिजनों के पहुंचने पर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली में इलाज के लिए लाया गया। बताया गया है कि मरने वालों में मनोज मोबाइल शाप चलाता था। वहीं सोनू फुटवियर शॉप पर कार्य करता था। मनोज की शादी को चंद ही महीने हुए थे।
परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन इस सड़क दुर्घटना में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह तीन भाइयों में मंझला था, जबकि सोनू दो भाइयाें में बड़ा था। बुधवार को जैसे ही दुकानदारों को उनकी मौत की सूचना मिली तो हर कोई परिचित पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर गया।