बहादुरगढ़। बदलते मौसम में लोग खांसी के शिकार हो रहे हैं। चिंता की बात यह है कि यह खांसी लंबी चल रही है। इसकी चपेट में आने वाला 10 से 15 दिन में ठीक हो रहा है। बच्चे, बुजुर्ग, महिला हर आयु वर्ग इसकी चपेट में आ रहा है।
खांसी को कंट्रोल करने के लिए डॉक्टर एंटी एलर्जिक दवा, नेबुलाइजर का इस्तेमाल करने की बात कह रहे हैं। सोमवार व मंगलवार से अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी के लिए कार्ड बनवाने वालों की लाइन काफी लंबी रही।
फिजिशयन डॉ. सुंदरम बताते हैं कि मौसम परिवर्तन के कारण लोगों को फीवर, कफ, गले में खराश और खांसी हो रही है। हर साल इस मौसम में ऐसा होता है, इसलिए ध्यान रखने की जरूरत है। खासकर बुजुर्ग, जो पहले से बीमार हैं। लोगों को चाहिए कि वे एकदम से गर्म कपड़े न उतारें, सर्दी के कपड़े पहनें, ध्यान रखें कि ठंड न लगे।
कैसे करें बचाव
- मौसम में अचानक बदलाव के अनुसार लाइफस्टाइल अपनाएं।
- अगर बच्चे स्कूल जा रहे हैं तो उन्हें फुल शर्ट और पैंट पहनाएं ताकि सुबह की सर्दी उन्हें परेशान न करें।
- बच्चों और बुजर्गों को भीड़भाड़ में जाने से बचना चाहिए, अगर जाएं तो मास्क पहनें।
- फ्रिज का खाना, ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें।
- बुजुर्ग अगर सुबह वॉक पर जा रहे हैं तो शरीर को ढककर जाएं, धूप निकलने का इंतजार करें।
- स्मोकिंग न करें और स्मोकिंग करने वाले लोगों से दूरी बनाए रखें।
- छाती में अकड़न और घबराहट महसूस होने पर उसी समय एस्प्रिन की एक गोली चबा लें।
- अस्थमा के मरीज धूल मिट्टी से खुद को दूर रखें।
- बीपी और डायबिटीज कंट्रोल में रखें।