बेरी। बेरी के एसडीएम रविंद्र मलिक ने वीरवार को गांव डीघल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और गांव धांधलान के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दो शिक्षक गैर हाजिर मिले, जिनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए लिखा गया है। वहीं सीएचसी कर्मियों को समय पर डयूटी आने के निर्देश देते हुए आमजन को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की बात कही।
वीरवार सुबह एसडीएम बेरी सर्वप्रथम गांव डीघल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी में स्टाफ की जानकारी लेते हुए आमजन को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान चिरायु कार्ड बनाने पर बल दिया और अब तक बने कार्डों की जानकारी ली। एसडीएम रविंद्र मलिक गांव धांधलान स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और विद्यालय का बारीकी से निरीक्षण करते हुए हाजिरी रजिस्टर चैक किया, जिनमें दो शिक्षक गैर हाजिर पाए गए। साथ ही विद्यालय में सफाई व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। एसडीएम ने बेरी उपमंडल के सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को चेताया कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय आएं। देरी से कार्यालय आने और बिना अवकाश स्वीकृत कराए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।