फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhajjar-Bahadurgarh News: ओलंपिक में अपना दमखम दिखाएंगे दो खिलाड़ी

Sun, 23 Jun 2024 04:27 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झज्जर/बहादुरगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

साल्हावास। क्षेत्र के गांव गोरिया निवासी भीम अवार्डी व अर्जुन अवार्डी मनु भाकर शूटिंग में ओलंपिक के लिए चयनित हैं तो बिरोहड गांव निवासी अमन सहरावत ओलंपिक में कुश्ती चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएंगे। दोनों ही खिलाड़ी ओलंपिक की तैयारी में जी जान से जुटे हुए हैं। मनु भाकर इन दिनों फरीदाबाद में अपनी मां सुमेधा भाकर के साथ रह रही हैं और तुगलकाबाद में डाक्टर करणी सिंह शूटिंग रेंज में सुबह शाम घंटों पसीना बहा रहीं हैं। सुबह और शाम शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण लेने के बाद योग और मेडिटेशन में अपना समय लग रही हैं।
वर्ल्ड कप, यूथ ओलंपिक, जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ गेम्स , एशियाई गेम में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद भी मनु भाकर को टीस है कि वे पिछली बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक नहीं जीत पाई थी। मनु भाकर कहती हैं कि जो कुछ भी टोक्यो में हुआ, वह मेरे लिए बुरे सपने से कम नहीं था। उस हार के बाद मैंने एक माह तक पिस्टल नहीं उठाई और गहरे अवसाद में चली गई। फिर सोचा कि मैं इतनी आसानी से हार नहीं मान सकती, क्योंकि हारने के मोटिवेशन से बड़ा और कुछ नहीं हो सकता, जीत के मौके कभी खत्म नहीं होते। यही सोचकर घर पर चाय की केतली उठाकर बिना हिले रोकने (होल्डिंग) का अभ्यास शुरू कर दिया। खुद को पहले की तुलना में मानसिक रूप से मजबूत किया है। कुछ वक्त लगा। पिस्टल उठाई और फिर तैयारियों में जुट गई। टोक्यो में जो लक्ष्य पूरा न कर पाई, उसे पेरिस ओलंपिक में हासिल करने की चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार हूं। उन्होंने कहा कि वे इस बार पेरिस में अवश्य ही ओलंपिक में स्वर्ण पदक प्राप्त करेंगी।
विज्ञापन



पेरिस ओलंपिक में अमन सहरावत दिखाएंगे दम

बिरोहड गांव के लाडले अमन सहरावत अंडर 23 के पहलवान हैं। कम उम्र में भी अनेकों पदक प्राप्त कर उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है। अमन सहरावत आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। अंडर-23 विश्व चैंपियन और सीनियर एशियाई चैंपियनशिप खिताब विजेता अमन से ओलंपिक का टिकट हासिल करने की देश को मजबूत प्रदर्शन की आशा थी और उन्होंने निराश नहीं किया। 20 वर्षीय अमन ने अपने सभी तीन मुकाबलों में दोहरे अंक का स्कोर प्राप्त किया, इनमें से दो में तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत प्राप्त की। वह पेरिस ओलंपिक के लिए स्थान सुरक्षित करने वाले पहले भारतीय पुरुष पहलवान हैं। उन्होंने देश को पुरुष वर्ग में कोई कोटा नहीं मिलने की शर्मिंदगी से देश को बचाने में कामयाबी हासिल की है। वे फिलहाल दिल्ली में यात्रा टिकट परीक्षक के पद पर तैनात हैं और दिल्ली में रहकर छत्रसाल स्टेडियम में सतपाल महाबली के पास अखाड़े में घंटों कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
विज्ञापन


नागल को भी मिला ओलंपिक टिकट
झज्जर। जैतपुर गांव के रहने वाले भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल ने भी अगले महीने से शुरू होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वह पुरुष सिंगल्स वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। नागल दूसरी बार ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। इससे पहले वह टोक्यो 2020 में भी खेलने उतरे थे, लेकिन उन्हें दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा था। नागल ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा है कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैंने पेरिस ओलंपिक के लिए आधिकारिक रूप से क्वालिफाई कर लिया है। यह मेरे लिए एक यादगार क्षण है, क्योंकि ओलंपिक मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है। मेरे अब तक के करियर का एक महत्वपूर्ण पल टोक्यो ओलंपिक में भाग लेना था। तब से पेरिस मेरे लिए एक बड़ा लक्ष्य रहा है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए इंतजार नहीं कर सकता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें