बहादुरगढ़। थाना सेक्टर-6 पुलिस ने घर से लापता दो बच्चियों को सकुशल बरामद किया। उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। थाना प्रबंधक निरीक्षक सत्यवीर ने बताया कि बच्चियां नेपाल की मूल निवासी हैं और बहादुरगढ़ में रहती हैं। वे दोपहर करीब 12 बजे घर से गली में खेलने गई थीं। काफी समय बाद भी जब वे नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस को बच्चियों के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-6 पुलिस ने एक टीम गठित की। टीम ने आसपास के क्षेत्र में फोटो और हुलिए के आधार पर बच्चियों की तलाश की। पुलिस के प्रयासों से दोनों बच्चियों को सुरक्षित ढूंढ लिया गया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। संवाद