बहादुरगढ़। दिल्ली रोहतक मार्ग पर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में मामा भांजा चौक स्थित एक ढाबे में दो रसोई गैस सिलिंडर फट गए। इससे ढाबे पर काम करने वाले 6 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत जीवन ज्योति अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा बुधवार साढ़े 9 बजे हुआ। घायलों में विशाल, संदीप सिंह, विष्णु, सूरज, पवन और अजय शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ढाबे के बाहर स्थित एक बिजली ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसके बाद आग भड़कते हुए ढाबे में नजदीक रखे गए सिलेंडर में पहुंच गई। ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों को आग बुझाने का मौका ही नहीं मिला और अचानक ही सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र चौकी पुलिस ने घायलों को तुरंत निजी अस्पताल में पहुंचाया। फिलहाल घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है।