बहादुरगढ़। क्षेत्र में अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इसमें एक हादसा कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे पर हुआ तो दूसरा मांडोठी गांव के पास। केएमपी पर एक ट्रक आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया।
वहीं मांडोठी में एक कार अनियंत्रित होकर बिजली खंभे से टकरा गई। सूचना पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
मृतकों की पहचान कुलदीप कुमार निवासी मांडोठी और मनीष निवासी एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोकेश निवासी मांडोठी ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब साढ़े 6 बजे वह शादी समारोह से कार में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। कार में कुलदीप वत्स (ताऊ), उर्मिला व राजदुलारी भी बैठे थे। उन्होंने बताया कि जब वे मांडोठी गांव के नजदीक पहुंचे तो गांव की तरफ से आ रही एक कार सामने से ओवरटेक करते हुए आई।
कार के नजदीक पहुंचने के बाद लोकेश ने अपनी कार को दाईं तरफ घुमा दिया। इसके बाद कार खेतों में उतरकर बिजली खंभे से टकरा गई। हादसे की सूचना उन्होंने तुरंत परिजनों को दी। हादसे में घायलों को ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में ले जाया गया।