अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए कागजात तैयार करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के बहादुरगढ़ में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस वे पर सोमवार रात पीपली टोल प्लाजा के पास बहादुरगढ़ की तरफ आ रही बाइक एक ट्राले से टकरा गई। इस हादसे में मौके पर ही सोनीपत के निवासी दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
मृतक की पहचान करीब 26 वर्षीय मोहित और 18 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। दोनों सोनीपत जिले के गांव सिसाना के रहने वाले थे। मोहित बाइक से अपनी ससुराल गुुरुग्राम जा रहा था। उसका साथी दीपक भी उसके साथ था। उनकी बाइक के पीछे गाड़ी में मोहित का भाई ओमप्रकाश और अन्य परिजन भी आ रहे थे।
ये जब पीपली टोल से आगे बहादुरगढ़ की तरफ बढ़े तो सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से मोहित की बाइक टकरा गई। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पीछे आ रहे परिजन दोनों को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले गए जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
थानाक्षेत्र को लेकर रही असमंजस की स्थिति
दुर्घटनास्थल की सही जानकारी न मिलने के कारण रात को असमंजस की स्थिति हो गई। अस्पताल से पहले आसौदा तो फिर सदर थाने में सूचना दी गई, लेकिन बाद में मामला खरखौदा थाने का निकला। इसके बाद खरखौदा थाना पुलिस मंगलवार को नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में पहुंची।
यहां परिजनों के बयान लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दोपहर को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मोहित के भाई ओमवीर के बयान पर इस संबंध में ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
दो बच्चों का पिता था मोहित, दीपक अविवाहित
परिजनों के अनुसार मोहित दो बच्चों का पिता था, जबकि दीपक अविवाहित था। दोनों दैनिक मजदूरी करते थे। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल था। जांच अधिकारी रामनिवास का कहना है कि रात को केएमपी पर हादसा हुआ था। बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। आरोपी ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।