बहादुरगढ़। खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकले दो दोस्तों की सवारी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों सेक्टर-17 स्थित प्लाॅट 209 एचएसआईआईडीसी स्थित एक फैक्टरी में काम करते थे। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के रामपुर फरुखाबाद के रहने वाले राजाराम (29) और हरदोई के रहने वाले सन्नी (29) के रूप में हुई है।
मंगलवार की रात करीब साढ़े 10 बजे दिल्ली-रोहतक रेलवे लाइन पर छोटूराम नगर के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा हुआ है। घटना की सूचना राजकीय रेलवे पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि राजाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सन्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
कुछ समय से यह दोनों छोटूराम नगर में रह रहे थे। बताया गया कि राजाराम ट्रेन की चपेट में आने के बाद ट्रैक किनारे लगी लोहे की जालियों पर गिर गया। नुकीली जालियां उसके पेट से आरपार हो गई। जबकि सन्नी के पैर कट गए। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटना को हादसा मानते हुए कार्रवाई की है।
हादसों के बावजूद बाज नहीं आ रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटूराम नगर फाटक के आसपास इस तरह के हादसे पहले भी कई बार हो चुके हैं। इसके बावजूद लोग रेलवे ट्रैक पर चलने से बाज नहीं आ रहे। रेलवे ट्रैक के किनारे घूमना यहां के कई लोगों की आदत बन चुकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस तरह लगी परिजनों को जानकारी
राजकीय रेलवे पुलिस अधिकारियों के अनुसार, देर रात तक जब राजाराम अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसे ढूंढने के लिए निकले तो पता चला कि रेल की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। वे मौके पर पहुंचे और उनकी पहचान की गई तो उनमें राजाराम और उसका दोस्त सन्नी थे। सन्नी घायल अवस्था में था, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बाद में सन्नी की भी जांच के दौरान मौत हो गई।
-फोटो 64 : बहादुरगढ़ में रेलवे टै्रक पर हादसे के बाद बुधवार की सुबह पहुंचे लोग। संवाद
-फोटो 64 : बहादुरगढ़ में रेलवे टै्रक पर हादसे के बाद बुधवार की सुबह पहुंचे लोग। संवाद