झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग स्थित बाजीतपुर रोड के सामने रामा मॉडल फार्म के पास शनिवार दोपहर एक ट्रक ने आई-10 कार सवार युवकों को टक्कर मार दी। इसमें दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के दौरान आई-10 गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पोस्टमॉर्टम के बाद एक युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
एयरफोर्स का फॉर्म भरने जा रहे थे, ट्रक के साथ हुई टक्कर
जानकारी अनुसार गांव भदानी निवासी 17 वर्षीय निशांत, 24 वर्षीय मुकुल और 19 वर्षीय दीपक तीनों दोस्त थे। वह शनिवार दोपहर को आई-10 कार में सवार होकर गांव से झज्जर की तरफ निशांत का एयरफोर्स के लिए फॉर्म भरवाने के लिए आ रहे थे। जब वह बाजीतपुर रोड के सामने रामा मॉडल फार्म के पास पहुंचे तो उनकी गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक अपने मौके से फरार हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल में 17 वर्षीय निशांत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दूसरे युवक ने रोहतक पीजीआई में तोड़ा दम
तो वहीं, दूसरे युवक 24 वर्षीय मुकुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसको रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, लेकिन रोहतक पीजीआई में पहुंचते ही मुकुल ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक 19 वर्षीय दीपक का शहर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतक निशांत दो भाई थे। निशांत परिवार का बड़ा बेटा था। मृतक मुकुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन भी है। घायल दीपक अपने परिवार का इकलौता बेटा है। उसकी भी एक बड़ी बहन है। पुलिस ने मृतक निशांत के पिता अनिल के बयान पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने निशांत के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गाड़ी को काटकर युवकों को निकाला बाहर
हादसे में भदानी सवार तीनों युवकों की गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद गाड़ी को रॉड व अन्य औजार की मदद से काटकर तीनों युवकों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया।
सदर थाना के एएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि झज्जर-बहादुरगढ़ मार्ग पर सड़क हादसे की सूचना मिली थी। इसमें एक ट्रक ने आई-10 गाड़ी सवार युवकों को टक्कर मारी, जिसमें दो युवकों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। मृतक निशांत के पिता के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।