झज्जर। बहादुरगढ़ रोड पर कबलाना गांव के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी व ट्राले की टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दंपती घायल हो गया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे की सूचना दी गई तो पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार बिहरोड़ गांव निवासी ओम प्रकाश पुत्र कैलाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट बडोदरा, गुजरात में लिपिक के पद पर कार्य करता है। वीरवार की सुबह वह घर से दिल्ली जा रहा था। उसके साथ उसकी मां बनारसी व पत्नी रेखा स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर जा रहे थे। गाड़ी को उसके गांव का ही महावीर चला रहा था। जब वे सुबह करीब 7.15 बजे पर अपने बिरोहड गांव से दिल्ली जा रहे थे तो कबलाना गांव के पास उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे एक ट्राले के साथ टक्कर हो गई। हादसे में महावीर व बनारसी की मौत हो गई और उसकी पत्नी रेखा और ओम प्रकाश घायल हो गए। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शवों का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतकों के परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी ट्राला चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- राजेश कुमार, शहर पुलिस थाना, प्रभारी झज्जर।