फोटो 68: प्रदर्शनी के दौरान स्टॉल्स को देखते हुए मुख्य अतिथि। स्रोत सूचना विभाग
बहादुरगढ़। सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के विकास कार्यालय करनाल की ओर से बहादुरगढ़ स्थित फुटवियर डेवलपमेंट सर्विसेज में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्र स्तरीय वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम-कम-प्रदर्शनी शुक्रवार को संपन्न हो गई।
एमएसएमई विकास कार्यालय के अपर विकास आयुक्त संजीव चावला ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य फुटवियर सेक्टर से जुड़ी इकाइयों को सरकारी खरीद नीति के अंतर्गत लाभ दिलाना, नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना और एमएसएमई मंत्रालय की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
बीएफडीएस के चेयरमैन आरके गुप्ता ने एमएसएमई क्षेत्र की संभावनाओं पर जानकारी दी। दूसरे दिन शुक्रवार को प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर डॉ. टी रजनीश ने शिरकत की।
तकनीकी सत्रों में सीएसआईआर से आए एक्सपर्ट डॉ. एस माथिवनन, डीजीक्यूए के वैज्ञानिक राहुल आर्य, एफडीडीआई सरिता दूहन, सीएलई अरविंद दत्ता, जीईएम से तुषार अग्रवाल और डिजिटल द्रोणाचार्य आकाश शर्मा सहित कई विशेषज्ञों ने गैर-चमड़ा फुटवियर क्षेत्र में नवीनतम नवाचार, वेंडर रजिस्ट्रेशन, निर्यात अवसर, गुणवत्ता मानक, व्यवसाय विकास और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी।