बहादुरगढ़। गांव छारा में बुधवार की दोपहर खेतों में घूमने गए दो युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते हमला करने के मामले में मांडोठी पुलिस चौकी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से पांच मोटरसाइकिल और एक गाड़ी भी बरामद की है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।
बुधवार को खेत में गए दो युवकों पर चाकू और तलवार से हमला किया गया था। हमले में एक युवक का हाथ कटकर अलग हो गया तो दूसरे की अंगुलियों में गहरी चोट आई। आरोपियों के खिलाफ थाना आसौदा में केस दर्ज किया गया था। राहुल निवासी छारा ने शिकायत दी थी कि बुधवार दोपहर वह अपने चचेरे भाई साहिल और दोस्त गौरव के साथ खेतों में घूमने गया था।
इसी दौरान कई गाड़ियों व बाइक पर कुछ युवक आए। जिनमें गांव का ही अजय व उसके साथी थे। उनके हाथ में चाकू, तलवार, डंडे, रॉड आदि हथियार थे। वे घात लगाकर बैठे हुए थे, जैसे ही वे उनसे बचकर भागने लगे तो उन्होंने हमला कर दिया।
आरोप है कि कर्मा ने तेजधार चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। जब हाथ अड़ाकर बचाव करने की कोशिश की तो उसके हाथ की अंगुलियां कट गई। वहीं अजय ने तलवार से गौरव की गर्दन काटने की कोशिश की। गौरव पर दो वार किए गए। दूसरी बार जब गौरव ने बचाव में हाथ अड़ाया तो हाथ कटकर अलग हो गया।
शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। उन्हें तुरंत रोहतक के पीजीआईएमएस में ले जाया गया। जहां से गुरुग्राम के एक अस्पताल में रेफर किया गया।
मामले में मांडोठी चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान अजय निवासी छारा और हर्ष निवासी बिरधाना के तौर पर हुई है। मौके से पांच मोटरसाइकिल और एक गाड़ी बरामद की गई है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। - मोहित कुमार, चौकी प्रभारी, मांडोठी, बहादुरगढ।
संवाद