शहर की फैक्ट्रियों में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं निवासी सलमान उर्फ सनम व अनीश के तौर पर की गई। आरोपियों को सीआईए-टू और आसौदा थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने बदायूं से काबू किया है। आरोपियों ने फैक्ट्रियों के गार्डों को बंधक बनाकर बिजली ट्रांसफार्मर क्वायल और अन्य सामान लूट ले जाने की कई वारदात का खुलासा किया है।
डीएसपी राहुत देव ने रविवार को फैक्ट्रियों की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले करीब डेढ़ माह से बहादुरगढ़ औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों के सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर लूट की कई वारदात हुईं। इसके खुलासे के लिए सीआईए-टू बहादुरगढ़ और थाना आसौदा की संयुक्त टीम गठित की गई। जिसके बाद मुखबिरों की सूचना के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सलमान उर्फ सनम व अनीश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अलग-अलग आपराधिक वारदात अंजाम देने का खुलासा किया। जिसके बाद थाना आसौदा पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने दोनों को दो दिन के रिमांड पर लिया। डीएसपी राहुल देव ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से लूटपाट व चोरी की कई अन्य वारदात का खुलासा होने की संभावना है।
इन वारदात को दिया अंजाम
पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक जुलाई 2021 को टांडाहेड़ी रोड के पास एक कंपनी के गार्ड को बंधक बनाकर बिजली ट्रांसफार्मर की क्वायल व अन्य सामान ले गए थे।
आरोपियों ने 3 जुलाई 2021 को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गणपति धाम औद्योगिक क्षेत्र सांखोल की एक फैक्टरी से बिजली ट्रांसफार्मर क्वाइल लूट ले गए थे।
आरोपियों ने 5 जुलाई 2021 को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव टांडाहेड़ी रोड के पास बनी एक कंपनी से गार्ड को बंधक बना कर काफी सामान चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था।
पकड़े गए उपरोक्त दोनों आरोपियों ने 5/6 जुलाई 2021 की रात को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव रोहद के पास एक फैक्टरी में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट करके उसे बंधक बनाकर पीतल के नट, बिजली की तारें, पीतल की डाई मशीन, बॉल बैरिंग, कॉपर की ट्यूब व प्लेट, टूल बॉक्स, नट बोल्ट और मोल्ड बुश इत्यादि लूट ले जाने की वारदात की थी।