बहादुरगढ़। आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में कार शोरूम में हथियार के बल पर लाखों की लूट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा है।
एमआइई चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सज्जन कुमार ने बताया कि मंदीप छिल्लर निवासी बराही रोड बहादुरगढ़ ने शिकायत दी थी कि औद्योगिक क्षेत्र बहादुरगढ़ में बने मारुति शोरूम में मैनेजर के रूप में कार्यरत है। 28 मई की सुबह करीब 3 बजे आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड पर पिस्तौल तानकर शोरूम में रखी एक तिजोरी को लूट ले गए थे। इस तिजोरी में 7 लाख 36 हजार 143 रुपये थे। इसके अलावा उसमें चेक बुक और गाड़ियों की आरसी भी थी। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। पुलिस कई दिनों से आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई थी। चौकी में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपियों की पहचान विजय व राहुल दोनों निवासी मध्य प्रदेश के तौर पर हुई है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने उपरोक्त मामले का खुलासा किया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। जहां से आरोपियों को पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।