बहादुरगढ़। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 स्थित एक फैक्टरी ठेकेदार से जाखौदा गांव स्थित एक कार्यालय में मार पिटाई करते हुए डेढ़ लाख रुपये वसूलने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पुलिस ने वसूले गए डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रबंधक प्रोविजनल एसीपी प्रनय कुमार ने बताया कि राकेश पाण्डेय निवासी दयानंद नगर बहादुरगढ़ ने शिकायत दी थी कि वह पैकिंग का ठेकेदार है और बक्शीश निवासी आसौदा को लंबे समय से जानता है। 28 नवंबर की शाम बक्शीश के कहने पर वह उसके साथ अपनी गाड़ी में जाखौदा गांव में एक कार्यालय पर गया था। जहां पर बक्शीश का दोस्त रवींद्र भी मौजूद था। आरोप है कि उन्होनें उसके साथ मार पिटाई की और डेढ़ लाख रुपये वसूल करते हुए 30 हजार रुपये महीना देने की बात कही। थाना आसौदा में तैनात सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार की टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।