बहादुरगढ़। लाइनपार थाना क्षेत्र और सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की कॉलोनियों की रहने वाली दो छात्राएं लापता हो गई हैं। दोनों शहर के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ती हैं। वीरवार को स्कूल से दोनों छात्राएं साथ में निकली थी लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंची। छात्राओं की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।
एक छात्रा के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। चार टीमों में क्राइम यूनिट, सीआईए-1, सीआईए-2 और लाइनपार थाना शामिल है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
डीसीपी मयंक मिश्रा का कहना है कि दोनों छात्राओं को जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में फिलहाल मामला अपहरण का नहीं लग रहा है। जांच में अब तक सामने आया है कि दोनों छात्राएं संभवत: अपनी मर्जी से कहीं चली गई हैं।