-फोटो 60 : चरक पार्क में पहुंचकर जायजा लेते हुए चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी।
बहादुरगढ़। सेक्टर-13 स्थित चरक पार्क में शरारती तत्वों ने पाइप घुमा कर करे कराए पर पानी फेर दिया है। यहां बारिश के बाद पानी भर गया था, जिसे निकालने के लिए पंप सेट लगाया गया। बीती रात शरारती तत्व ने पार्क से बाहर निकाले गए पाइप को उल्टा करके रख दिया और बाहर निकाला गया पानी उल्टा भर गया। पार्क से पानी निकालने में हो रही अव्यवस्थाओं से लोगों में आक्रोश है।
हाल ही में हुई बारिश के बाद पार्क में पानी भर गया था, जिसे निकालने के लिए प्रशासन की ओर से पंप सेट लगाया गया। बीती रात लापरवाही और शरारती तत्वों की हरकत के चलते फिर से पूरा पार्क जलमग्न हो गया है। क्योंकि ट्रैक्टर चालक पंप सेट को चालू छोड़कर चला गया और कर्मचारी सो गए। इसी दौरान अज्ञात शख्स ने नाले की ओर जा रही पानी की पाइप निकालकर दोबारा पार्क की ओर मोड़ दी।
नतीजा यह हुआ कि जितना पानी पार्क से बाहर निकला था, उतना ही पानी वापस अंदर आ गया और पूरा चरक पार्क दोबारा पानी में डूब गया। इस घटना से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े सदस्यों में गहरा रोष है। उन्होंने इस हरकत को निंदनीय बताते हुए कहा कि कोई व्यक्ति जानबूझकर पार्क को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
लोगों ने प्रशासन से ऐसे अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चरक पार्क को क्लीन एंड ग्रीन संस्था द्वारा शहर को स्वच्छ और हरा-भरा रखने के उद्देश्य से बनाया गया था। इस पार्क में औषधीय और अन्य उपयोगी पौधों की विभिन्न प्रजातियां लगाई गई हैं ताकि लोगों को शुद्ध वायु और प्राकृतिक वातावरण मिल सके।
संस्था के सदस्यों का कहना है कि यह पार्क शहर की पहचान बन चुका है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों को यह रास नहीं आ रहा। पहले भी यहां पौधे उखाड़े जाने और आग लगाने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। अब पानी निकालने के प्रयासों पर पानी फेरना इस बात का संकेत है कि कुछ लोग जानबूझकर इस हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।
पर्यावरण प्रेमियों ने कहा कि यदि समय रहते ऐसी हरकतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो शहर का यह खूबसूरत चरक पार्क अपनी पहचान खो देगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि पार्क की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।