झज्जर। सुर्खपुर मोड़ पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे बहादुरगढ़ फ्लाईओवर के बीच अज्ञात वाहन की साइड लगने से तूड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे फ्लाईओवर पर करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। हादसे के कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने का प्रयास किया। वहीं कुछ वाहन चालक इस दौरान डिवाइडर क्रॉस कर जाम से निकलते नजर आए। वहीं, दूसरी ओर बादली रोड यू टर्न पर ट्रक में आई तकनीकी खामी से जाम लग गया।
डायवर्ट किए रूट पर लगा एक किलोमीटर लंबा जाम
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकालने का प्रयास किया। लेकिन यहां भी करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। शहर के ग्वालीशन रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। कोसली रोड पर जाने वाले वाहनों को रेलवे स्टेशन के पास से निकाला जा रहा है। वहीं छुछकवास, दादरी व अन्य क्षेत्रों को जाने वाले भारी वाहन भी इसी सड़क से गुजरते हैं। सोमवार सुबह नेशनल हाईवे के वाहनों को बाईपास से डायवर्ट करने के कारण इस रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था।
तूड़ी की ट्राली पलटने व ट्रक खराब होने के कारण जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर रोड को वन-वे करवाकर और वाहनों को डायवर्ट कर वाहनों को निकाला गया है। बाद में दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करवाई। - बलजीत सिंह, यातायात पुलिस, प्रभारी, झज्जर।
नेशनल हाइवे पर पलटी तूड़ी से भरी ट्राली।- फोटो : Jhjhar