बहादुरगढ़। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर आसौदा के नजदीक वीरवार सुबह ट्रक और कटेंनर की टक्कर में 29 कामगार घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद 11 घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों को ज्यादा तो कई को हल्की चोटें आई। उधर, इस सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल आसौदा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हुए वाहनों को भी एक्सप्रेस-वे से हटवाया गया।
कामगार रोहतक में एक विवाह समारोह में काम करने के लिए गए थे। कार्य के समापन के बाद ट्रक में अपने कैटरिंग के सामान के साथ सवार हुए थे। उन्हें दिल्ली के चांदनी चौक जाना था, लेकिन ट्रक चालक उन्हें केएमपी के रास्ते कुंडली होते हुए ले जा रहा था। जब वह आसौदा पार्किंग के पास पहुंचे तो उनका ट्रक सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से जोरदार तरीके से जा टकराया। इसमें ट्रक का आगे का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सामान के साथ बैठे 29 कामगार इस हादसे में घायल हो गए। घायल कामगारों में ज्यादातर विवाह समारोह में कैटरिंग के कार्य से जुड़े थे।
हादसे के बाद मची चीख पुकार
हादसे में 11 कामगारों को अधिक चोटें आई हैं। अन्य को हल्की चोटें हैं। नागरिक अस्पताल से डॉक्टर ने जिन लोगों को पीजीआई रोहतक रेफर किया उनमें दलीप, रामकरण, पंकज, राहुल, अंकित पाल, लालूराम, रंजीत कुमार, अजय कुमार, हरिओम, शहजाद व अवधेश शामिल हैं। किसी के सिर में तो किसी के हाथ, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उधर, इनके कुछ अन्य साथी कामगारों को भी हल्की चोटें हैं। वह प्राथमिक उपचार के बाद अपने घरों का रुख कर गए। घायल हुए कामगार बबलू ने बताया कि ट्रक चालक लापरवाही से चला रहा था। थाना आसौदा से जांच अधिकारी ओमप्रकाश का कहना है घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसके बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। बहादुरगढ़ से 11 घायलों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था, लेकिन पीजीआई में उन्हें तीन घायल ही मिले। बाकी घायल कहां भर्ती हैं इसका पता किया जा रहा है।