ट्रकबहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव छारा में ट्रक और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मांडोठी चौकी पुलिस ने बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार छारा निवासी योगेश व उसकी पत्नी ममता मंगलवार को किसी कार्य के लिए झज्जर गए थे। दोपहर बाद जब वे दोनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे तो गांव की पुरानी चौकी के पास एक ट्रक चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में 26 वर्षीय ममता की मौत हो गई, जबकि योगेश घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी सोनू ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है। महिला के पति को किस अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। मृतक महिला एक बच्चे की मां थी।