झज्जर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर वीरवार को खेल महाकुंभ के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों खिलाड़ियाें ने अपना दम दिखाया। वीरवार को लड़कों व लड़कियों के 12 खेलों का ट्रायल हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया।
खेल महाकुंभ को लेकर खेल विभाग की तरफ से दो दिनों में 26 खेलों का ट्रॉयल होना है। शहर के कोसली रोड स्थित रेलवे रोड पर सुबह साइकिलिंग ट्रायल में लड़कों व लड़कियों ने हिस्सा लिया। वहीं शहर में बहादुरगढ़ रोड स्थित नेहरू कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड में शाम को क्रिकेट का ट्रायल हुआ।
इसके अलावा 10 अन्य खेलों का ट्रायल गांव के अलग-अलग मैदानों में संपन्न कराया गया। इसमें आर्चरी, बास्केटबॉल, जिमनास्टिक, हॉकी, जूडो, हैंडबॉल, ताइक्वांडो व कुश्ती में लड़कों व लड़कियों की ट्रायल का आयोजन हुआ। वहीं फुटबॉल में लड़कों व वालीबॉल में लड़कियों का ट्रायल हुआ। बचे हुए खेलों का ट्रॉयल शुक्रवार को अलग-अलग खेल मैदानों में किया जाएगा।