थाना प्रबंधकों की मीटिंग लेते जिला पुलिस कमिश्नर सतीश बालन।
बहादुरगढ़। झज्जर पुलिस कमिश्नर सतीश बालन ने लघु सचिवालय में थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि चौकी व थानों में जो भी फरियादी आता है, उसके साथ विनम्रता से व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला एनसीआर से सटा होने के कारण पुलिस की जिम्मेदारियां बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी मेहनत से अपनी ड्यूटी निभाने के लिए कहा। युवा पीढ़ी को नशे व अपराध के दलदल में फंसने से बचाना है। जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे और अपराध के प्रति जागरूक किया जाए। पुलिस कर्मचारी अपने अपने एरिया के गणमान्य लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण तालमेल बनाकर रखें। गांव अथवा शहर में अपने बच्चों से पीड़ित बुजुर्गों की हर संभव मदद करते हुए उनका हक व सम्मान दिलाने का काम करें। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त या अपराधियों से संबंध रखने वाले नवयुवकों पर विशेष निगाह रखें। शराब व नशे के अवैध धंधे में लिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगाह रखी जाए। ताकि जिले में पुलिस नशा तथा अपराध जैसी घटनाओं पर लगाम लगा सके। बैठक में एसीपी शुभम सिंह, एसीपी प्रदीप नैन, एसीपी राजेंद्र और सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारी, सीआईए प्रभारी मौजूद रहे।