झज्जर।अब शहरवासियों को गारबेज चार्ज नहीं देना होगा। स्थानीय शहरी निकाय निदेशालय ने सभी लोगों का गारबेज चार्ज माफ कर दिया है। पोर्टल पर भी गारबेज चार्ज शून्य दिखाने लग गया है। इससे 38 हजार प्रॉपर्टी धारक शहरवासियों को राहत मिली है। नगर परिषद सालाना 60 लाख रुपये गारबेज चार्ज के रूप में शहर वासियों से लेता था। इसे प्रॉपर्टी टैक्स के साथ ही जोड़कर बिल में भेजा जाता था। हर प्लाॅट के वर्ग गज के हिसाब से यह गारबेज चार्ज लोगों से वसूल किया जाता था।
इसके अलावा व्यावसायिक और आवासीय एरिया के लिए यह गारबेज चार्ज अलग-अलग लिया जाता था, लेकिन सरकार ने गारबेज चार्ज हटाने का फैसला किया था। अब यह गारबेज चार्ज पोर्टल से हटा लिया गया है। इससे लोगों को राहत मिली है। यहां बता दे कि शहर में लगभग 38 हजार प्रॉपर्टी है, जिसने नगर परिषद द्वारा वर्ग गज के हिसाब से गारबेज चार्ज वसूला जाता था। इससे नगर परिषद को हर साल लगभग 60 लाख रुपये की आमदनी होती थी। नगर परिषद को पिछले साल भी 2023-24 में लगभग 55 लाख रुपये गारबेज चार्ज के रूप में मिले थे। इस साल भी 2024-25 के बजट में नगर परिषद ने 60 लाख रुपये गारबेज चार्ज के रूप में प्रस्तावित किए थे, लेकिन अब यह नहीं लगेगा।
पहले यह लिए जाते थे गारबेज चार्ज
नगर परिषद की तरफ से पहले बीपीएल परिवारों, स्लम, मलीन बस्ती, ईडब्ल्यूएस फ्लैट से पांच रुपये प्रममाह, 100 वर्ग मीटर के रेजीडेंशियल घर, होटल से 20 रुपये प्रति माह, 100 से 200 वर्ग मीटर वाले निवास व होटल 40 रुपये प्रति माह, 200 से 400 वर्ग मीटर निवास व होटल से 50 रुपये प्रति माह, 400 वर्ग मीटर से अधिक निवास व होटल से 100 रुपये प्रति माह, 2 हजार वर्ग फीट वाले ईडब्ल्यूएस फ्लैट से 50 रुपये प्रति फ्लैट, 2 हजार वर्ग फीट से ऊपर वालों से 100 रुपये प्रति फ्लैट लिए जाते थे। 200 वर्ग फीट कवर वाले व्यक्तिगत दुकान, निजी ऑफिस, सर्विस स्टेशन, रेस्टोरेंट, ढाबा, सब्जी मंडी, अनाज मंडी से 25 रुपये प्रति माह, 200 वर्ग फीट से ज्यादा वाले एरिया से 100 रुपये प्रति माह, बिना इंडोर सुविधा वाले नर्सिंग होम, क्लीनिक, अस्पताल, औषधालय 50 बेड तक 1500 रुपये प्रति माह, 50 से 100 बेड वाले अस्पताल से तीन हजार रुपये प्रति माह, 100 से ज्यादा बेड वाले अस्पतालों से पांच हजार रुपये प्रति माह गारबेज चार्ज लिया जाता था।
वर्जन
पहले प्रॉपर्टी टैक्स के साथ गारबेज चार्ज जुड़कर आता था, लेकिन अब सरकार ने गारबेज चार्ज माफ कर दिया है। इससे शहर के 38 हजार प्रॉपर्टी धारकों को लाभ होगा। उनको अब गारबेज चार्ज नहीं देना होगा।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, झज्जर