बहादुरगढ़। रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक पर रखे ट्रांसफार्मर में बुधवार की रात एक कार ने टक्कर मार दी। इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी वजह से काठमंडी और लालचंद कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। रात दो बजे गायब हुई बिजली वीरवार की दोपहर 12 बजे आई। 10 घंटे तक दो कॉलोनियों के लोग बिजली समस्या से महरूम रहे। इससे कॉलोनीवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
काठमंडी निवासी नीरज शर्मा, प्रीतम सिंह, सीताराम व लालचंद कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार, नवीन सैनी, रमेश कुमार, संजीव कुमार ने बताया कि उनकी कॉलोनी की बिजली रात 2 बजे गायब हो गई थी। इसके बाद लोगों ने बिजली आने का इंतजार शुरू किया। सुबह तक भी बिजली नहीं आई और लोगों के घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। इसके बाद समस्या और बढ़ गई।
कॉलोनी के लोगों ने बिजली निगम के अधिकारियों को फोन पर बिजली न आने की जानकारी दी तो उन्हें पता चला कि विश्वकर्मा चौक पर रात के समय किसी कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए यहां रखे दो ट्रांसफार्मरों को टक्कर मार दी। इससे दोनों खराब हो गए। एक ट्रांसफार्मर को तो रात के समय ठीक कर दिया गया, लेकिन दूसरे में खराबी ज्यादा होने के कारण उसे सुबह तक कर्मचारियों द्वारा ठीक किया गया। रात 2 बजे गायब हुई बिजली वीरवार दोपहर 12 बजे तक ठीक हो पाई। इसके बाद लोगों ने चैन की सांस ली।
वर्जन
रात में कार की टक्कर से विश्वकर्मा चौक पर लगाए गए दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। उन्हें ठीक करने के लिए रात को ही कर्मचारी जुट गए, लेकिन एक ट्रांसफार्मर में खराबी ज्यादा होने के कारण वह वीरवार दोपहर तक ठीक हो पाया। सप्लाई सुचारु कर दी गई है।
-मनीष यादव, एसडीई, यूएचबीवीएन, बहादुरगढ़।
-फोटो 55 : ट्रांसफार्मर को ठीक करने में जुटे बिजली कर्मचारी।
-