साल्हावास। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साल्हावास में शनिवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें प्रशिक्षण पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महावीर पाइप्स ग्रुप के संस्थापक जितेंद्र यादव मुख्य अतिथि रहे, जबकि मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकित चौधरी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हावास के फार्मेसी अधिकारी संदीप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विज्ञापन
संस्थान के प्रधानाचार्य बृजमोहन अंजना और स्टाफ सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, अनुशासन और मेहनत का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नए अवसरों का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनकर देश व समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य बृजमोहन अंजना ने कहा कि आईटीआई से प्राप्त तकनीकी ज्ञान और कौशल विद्यार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर हासिल करने में मददगार साबित होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और ईमानदारी से आगे बढ़ने का संदेश दिया।