बहादुरगढ़। शहर के प्रमुख मार्गों व बाजारों में त्योहारी सीजन पर यातायात व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। हालत यह है कि शहर व लाइनपार को जोड़ने वाले रेलवे ओवर ब्रिज व उसके आसपास वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। दिल्ली-रोहतक रोड भी बदहाल है। यहां सड़क पर पड़े अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से भी यातायात व्यवस्था बिगड़ गई है। रही सही कसर ट्रैफिक सिग्नल लाइटों के ठीक से न चलने की वजह से भी हो रही है।
वाहन चालक विक्रम सिंह, रमेश कुमार, कृष्ण गर्ग, मुकेश कुमार ने कहा कि जो भी भीड़भाड़ एरिया है वहां पर नो-पार्किंग जोन में वाहनों को नहीं खड़े होने देना चाहिए और बाजारों में खरीददारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों की सुविधा को ध्यान रखते हुए भी स्थानीय प्रशासन को उचित कदम उठाने चाहिए।
नवरात्र के बाद अब विजय दशमी के साथ त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है। कुछ समय बाद शादियों का सीजन भी शुरू होगा तो बाजारों में भीड़भाड़ और बढ़ेगी। ऐसे में पुलिस-प्रशासन को आमजन के समक्ष किसी तरह की कोई परेशानी न हों, इसको लेकर उचित व्यवस्था करनी चाहिए।
प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण को हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए और सार्वजनिक पार्किंग की उचित व्यवस्था करनी चाहिए ताकि बाजार में खरीदारी करने, कामकाज के लिए आने वाले लोगों को अपने वाहनों को मजबूरी में सड़क किनारे न खड़ा करना पड़े।
शहरवासी सुरेंद्र, नरेंद्र, सुभाष, राजीव, पंकज समेत कई अन्य का कहना है कि ऑटो-ई-रिक्शा चालक भी अपने वाहनों को सड़क के बीचोंबीच तक खड़ा रखते हैं ऐसे उनको लेकर भी पुलिस की ओर से उचित व्यवस्था बनानी चाहिए। नाहरा-नाहरी मोड, रेलवे रोड मुहाना, बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन, झज्जर मोड के आसपास ऑटो-ई-रिक्शा वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है।
बहादुगरढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन से लेकर सेक्टर-6 की पहली पुलिया मोड़ तक जाम की समस्या ज्यादा रहती है। बाजारों में फेस्टिवल सीजन की तैयारियां भी दुकानदार कर रहे हैं और लोग भी सामान खरीद रहे हैं।
लोगों ने कहा कि ऐसे में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को पार्किंग के लिए उचित जगह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने चाहिए, ताकि बाजार में खरीददारी करने के लिए आने वालों को दिक्कतें न झेलनी पड़े।
वर्जन
बहादुरगढ़ में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने के लिए हर चौक चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। किसी मार्ग पर जाम की समस्या बनती है तो वहां पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
-महेश कुमार, एसएचओ ट्रैफिक।