14jjrp13- नेताजी सुभाष चौक पर व्यापारियों से बातचीत करते नगर परिषद के अधिकारी। स्रोत-व्यापार म
झज्जर। सुभाष चौक पर फैले गंदे पानी निकासी की समस्या को लेकर बाजार के व्यापारी लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश अरोड़ा ने उपायुक्त को बताया कि यहां नीचे कई साल पहले पाइप दबाए गए थे। इसमें मिट्टी भर गई है। इस कारण अब सारा पानी मुख्य मार्ग पर भर जाता है। इससे आम जनता को भी काफी परेशानी होती है। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। उपायुक्त ने नगर परिषद सचिव को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त के आदेश मिलने के बाद 15 मिनट में ही नगर परिषद की अधिकारियों व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और व्यापारियों से बातचीत की।
व्यापारियों ने नप अधिकारियों को समस्याएं को दिखाई और इसकी सफाई करवाने की मांग की। इस पर नगर परिषद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मशीन मंगवाकर इसकी सफाई करवा दी जाएगी। इस मौके पर हिमांशु तनेजा, महेश टुटेजा, हिमांशु तनेजा, शिव, गोपाल जुनेजा, अमित तनेजा मौजूद रहे। वहीं गांव खुड्डन की महिलाएं पीने के पानी की समस्या को लेकर पहुंची। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार अनाज मंडी झज्जर के प्रधान हरेंद्र सिलाना मंडी की सफाई व्यवस्था को लेकर समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने बताया कि मंडी में सफाई की दिक्कत आ रही है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समाधान के आदेश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के नागरिक पहुंचे, जिन्होंने पानी, बिजली, पेंशन, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सड़क व सफाई व्यवस्था, जलभराव, अवैध अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें रखीं।