02jjrp06- पीडबल्यूडी बीएंडआर अधिकारियों से मिलकर आते व्यापारी। स्रोत-व्यापार मंडल
- फोटो : अमर उजाला
झज्जर। पिछले कई दिनों से पुराना बर्फखाना रोड को तोड़ने का काम जारी है लेकिन मलबा नहीं उठने से स्थानीय दुकानदार परेशान हैं। इसको लेकर शुक्रवार को दुकानदार व्यापार मंडल के ब्लॉक उपाध्यक्ष रजनीश हुड्डा के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी बीएंडआर कार्यालय में एक्सईएन से मिलने पहुंचे।
उपाध्यक्ष रजनीश हुड्डा ने बताया कि सड़क तोड़ने के बाद मलबा नहीं उठाया जा रहा जिससे उनकी दुकानदारी पर सीधा असर पड़ रहा है। उनकी दुकानों के सामने से सड़क तोड़े हुए तीन दिन हो चुके हैं। इस रोड से केवल एक ही दिन मलबा उठाया गया। उसके बाद वहां से काम बंद कर दिया गया।
आवागमन का रास्ता पूरी तरह बाधित है। इस कारण ग्राहक नहीं आ पा रहे हैं। साथ ही दुकानों का सामान ग्राहक बुक करते हैं तो लेकर जाने का रास्ता भी नहीं बचा है। इससे ग्राहक भी परेशान होकर रह गए हैं।
इसके अलावा जहां पर सड़क तोड़ी गई हैं वहां सीवरेज पाइप लाइन भी लीक हो गई है। इस कारण सारा गंदा पानी सड़क पर पत्थरों के बीच आकर एकत्रित हो गया है। इससे पूरे एरिया में बदबू फैली हुई है। दुकानदार अपनी दुकान पर भी नहीं बैठ पा रहे।
जूनियर इंजीनियर ने दिया आश्वासन
जूनियर इंजीनियर अरुण कुमार ने रविवार तक सभी पत्थर उठाकर सोमवार या मंगलवार को रोड का कार्य शुरू करने का व्यापारियों को आश्वासन दिया। जूनियर इंजीनियर अरुण कुमार ने बताया कि जहां पर मेटीरियल डाला जा रहा था वहां जगह नहीं थी। अब उस जगह से मेटीरियल को सही किया जा रहा है ताकि यहां का मेटीरियल के लिए जगह बन सके। रविवार तक मेटीरियल को उठा लिया जाएगा।
02jjrp06- पीडबल्यूडी बीएंडआर अधिकारियों से मिलकर आते व्यापारी। स्रोत-व्यापार मंडल- फोटो : अमर उजाला