-फोटो 51 : नागरिक अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते हुए। संवाद
बहादुरगढ़। सराय औरंगाबाद गांव से टांडाहेड़ी आ रही सीमेंट से लोड ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवाया है। परिजनों के बयान पर पुलिस घटना को संयोग मानकर कार्रवाई की है।
मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। आशीष मूल रूप से दिल्ली के नरेला से था और फिलहाल यहां शक्तिनगर में रह रहा था। वह सराय औरंगाबाद स्थित एक स्टॉक पर काम करता था। रविवार की सुबह वह सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर जा रहा था। टांडाहेड़ी गांव में पहुंचा तो उसने सड़क में बने गड्ढे से ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास किया। इस वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रैक्टर व सीमेंट से भरी ट्रॉली भी पलट गई और नीचे दबने से आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आशीष के साथ ट्रैक्टर पर एक मजदूर भी सवार था, जिसे काफी चोट आई है। आशीष ढाई वर्ष का था तो उसके पिता की मौत हो गई थी और फिर उसके नाना उसे अपने पास ले आए थे। नाना ने ही उसका पालन पोषण किया था। उसकी मौत से परिजन सदमे में हैं।