बाइक सवार दो युवकों को साढ़े 11 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से एक ही नंबर के एक-एक हजार रुपये के 9 और पांच सौ रुपये के 5 जाली नोट बरामद हुए हैं।
दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कर पुलिस ने उनको कोर्ट में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीआईए झज्जर के प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने सोमवार को बताया कि एक पुलिस टीम एएसआई जय भगवान के नेतृत्व में झज्जर-रोहतक रोड पर एक निजी स्कूल के पास गश्त पर थी।
टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव मुंडाहेड़ा हाल जय हिन्द कॉलोनी बहादुरगढ़ रोड झज्जर निवासी संदीप और मंजीत निवासी राधा स्वामी कॉलोनी बाजार में नकली नोट चलाकर पैसा कमाने का धंधा करते हैं।
दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव गुड्डा की तरफ से नकली नोटों सहित आ रहे हैं। पुलिस टीम ने इस पर नाकाबंदी करके कड़ी निगरानी शुरू कर दी।
कुछ ही देर में गुड्डा से झज्जर की तरफ आती दिखाई दी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को इशारा करके रुकवाया गया।
पूछताछ में दोनों युवकों ने अपने नाम संदीप व मंजीत बताये। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और तलाशी ली। संदीप के पास से हजार हजार रुपये के नौ करंसी नोट बरामद किये गए।
जैसे ही बरामद नोटों की जांच की गई तो सभी नोटों पर एक ही नंबर लिखा हुआ था। पकड़े गए दूसरे युवक की तलाशी में पांच-पांच सौ रुपये के पांच करंसी नोट बरामद किये गए, जो कि एक ही नंबर के थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल व जाली करंसी नोटों सहित दोनों आरोपियों को काबू किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना झज्जर में मामला दर्ज किया गया।
दोनों को बाद में अदालत में पेश किया गया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।