झज्जर। तकनीकी शिक्षा के इच्छुक युवा आईटीआई के रोजगारपरक कोर्स कर अपना भविष्य निखार सकते हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए 27 जून अंतिम तारीख निर्धारित है। आईटीआई एट गुढ़ा के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी जीतपाल ने बताया कि गुढ़ा आईटीआई में अब तक 1329 आवेदन आए हैं। सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिशियन के लिए 357 आवेदन आए हैं। इसी प्रकार कोपा के लिए 174 और फिटर के लिए 149 आवेदन आए हैं।
जिले की 14 आईटीआई संस्थाओं में दाखिला प्रक्रिया जारी है और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आवेदन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी https://admission.itiharyana.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही www.admissions.itiharyana.gov.in वेबसाइट पर कोर्स विवरण, संस्थानों की सूची, पात्रता, सीट संख्या और दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध है। राज्य सरकार ने आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को निशुल्क पासपोर्ट बनवाने की सुविधा देने की घोषणा की है। इससे युवाओं को विदेशों में भी रोजगार अवसरों का मार्ग खुलेगा।
प्रथम कट-ऑफ लिस्ट 3 जुलाई को जारी की जाएगी। लिस्ट में चयनित अभ्यर्थियों को अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। नोडल अधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों में आधार कार्ड, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और फैमिली आईडी अनिवार्य रूप से साथ लानी होगी।