झज्जर। जिला बार एसोसिएशन में वीरवार को अधिवक्ताओं के चुनाव के लिए नॉमिनेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया दूसरे दिन जारी रही। विभिन्न पदों के लिए कुल छह नामांकन भरे गए। अब तक कुल 11 आवेदन आ चुके हैं। वीरवार को कृष्ण कादयान, वरुण ग्रेवाल ने प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र भरे जबकि उपप्रधान पद के लिए हरदीप दलाल, मीना कादयान ने नॉमिनेशन फॉर्म भरे। इसके अलावा सचिव पद के लिए ऋषि अहलावत, सह सचिव पद के लिए दीपक यादव के लिए फॉर्म भरा।
इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षण के तौर पर रामकुमार वर्मा, त्रिभुवन कश्यप, कृष्ण सुहाग, सुंदर सिंह खंडेलवाल, प्रदीप काकरान, सुखवीर कादयान, धन सिंह सहरावत, सतीश जाखड़, राकेश पूनिया, अरविंद कौशिक, कर्मवीर सहरावत अधिवक्ताओं की देखरेख में फॉर्म भरे गए। उन्होंने बताया कि आगामी 15 दिसंबर को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव होंगे। शुक्रवार को भी अधिवक्ता नामांकन पत्र भर सकते हैं। इसके अलावा दो दिसंबर को ही नामांकनों की छंटनी की जाएगी। इसी दिन नाम भी वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 15 दिसंबर को सुबह आठ से शाम साढ़े चार बजे तक मतदान होगा।
केवल डोर टू डोर के जरिए होगा प्रचार
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान पोस्टर, बैनर, होर्डिंग नहीं लगाएं। अधिवक्ता केवल डोर टू डोर चुनाव प्रचार करेंगे।