-फोटो 64 : बहादुरगढ़ के खेतों में भरा बारिश का पानी। संवाद
- फोटो : samvad
बहादुरगढ़। जिले में लगातार भारी बारिश के चलते विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। सिंचाई विभाग और एनडीआरएफ की टीमों के साथ अब सेना की टुकड़ी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। मुंगेशपुर ड्रेन ओवरफ्लो है और दिल्ली की सीमा के गांवों में खेतों में पानी 6 से 7 फीट तक भर गया है। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल के निर्देशन में सभी विभाग लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।
डीसी ने शुक्रवार शाम बहादुरगढ़ क्षेत्र में जल भराव क्षेत्रों का दौरा करते हुए स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के चलते प्रभावित हुए मुंगेशपुर ड्रेन के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर दी गई है व तटबंधों को मजबूत करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
सिंचाई विभाग, एनडीआरएफ और अब सेना की टीम मिलकर ड्रेन के तटबंधों को मजबूत करते हुए पानी की निकासी सुनिश्चित करने में जुटी हैं। डीसी ने बताया कि जलभराव की समस्या का समाधान प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाते हुए तेज गति से कार्य किया जा रहा है ताकि प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। सेना की ओर से मोर्चा संभालने के बाद अब राहत और मरम्मत कार्यों में और तेजी आएगी।
प्रशासन की नागरिकों से अपील, वर्क फ्रॉम होम करें, पैनिक न हों
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न निकलें और बच्चों व बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर रखें। जलभराव वाले क्षेत्रों में लोग वर्क फ्रॉम होम करें। नागरिकों से अपील है कि पीने का पानी उबालकर या शुद्ध करके ही इस्तेमाल करें और खुले बिजली के तारों और उपकरणों से दूर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम के जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01251-254270 और सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के नंबर 01251-481707 पर सूचित करें, अफवाहों पर ध्यान न दें।
-फोटो 64 : बहादुरगढ़ के खेतों में भरा बारिश का पानी। संवाद- फोटो : samvad