साल्हावास। क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर दीवार कूद मैनेजर के कार्यालय में घुसकर तीन नकाबपोश युवकों ने गन प्वाइंट पर मैनेजर से 16 हजार रुपये की नकदी छीन ली और फरार हो गए। पेट्रोल पंप के मैनेजर अनिल उर्फ सोनू निवासी कासनी ने इस संबंध में पुलिस को फोन कर सूचित किया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मातनहेल चरखी दादरी रोड पर वीरवार की रात 7:30 बजे तीन नकाबपोश युवक पेट्रोल पंप की दीवार कूदकर कार्यालय में घुस गए व पिस्तौल के बल पर मैनेजर के कार्यालय की रखी मेज की दराज से 16 हजार की नकदी लेकर चंपत हो गए। मैनेजर ने नकाबपोश युवकों का पीछा किया लेकिन वे बाइक पर फरार हो गए। मैनेजर ने पत्थर उठाकर नकाबपोशों को मारा जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे बाइक समेत गिर गए। हालांकि युवक बाइक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने बाइक अपने कब्जे में ले ली है।
वर्जन:
पेट्रोल पंप के मैनेजर अनिल उर्फ सोनू की शिकायत पर तीन नकाबपोश नवयुवकों के खिलाफ पिस्तौल के बल पर रुपये छीनने का मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- नितीश कुमार, चौकी इंचार्ज मातनहेल।