झज्जर। जिले के तीन लिंक मार्गों की मरम्मत होगी। हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की तरफ इन तीनों मार्गों की विशेष मरम्मत करवाई जाएगी। इसमें आसोदा से रोहद, बराही से बहादुरगढ़, मेहंदीपुर डाबोदा से डाबोदा लिंक मार्ग शामिल हैं।
इन मार्गों का निर्माण हुए काफी समय हो चुका था, लेकिन अब इनमें गड्ढे हो चुके हैं और कई जगहों से हालत दयनीय हो गई है। इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह यह काम पीडब्ल्यूडी को करना था, लेकिन अब यह रोड फिर से हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड को दे दिए गए हैं।
अब बोर्ड की तरफ से इसके लिए ऑनलाइन टेंडर लगाए गए हैं। इन तीनों लिंक मार्गों की विशेष मरम्मत पर 2 करोड़ 70 लाख 69 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। जो फर्म टेंडर के लिए फाइनल होगी, उनके रेट मुख्यालय से अप्रूवल के लिए भेजे जाएंगे। मुख्यालय से अप्रूवल मिलने के बाद ही आगे फाइनल वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। यह काम वर्क ऑर्डर जारी होने के लगभग एक साल में पूरा करना होगा। 22 अक्तूबर तक टेंडर ऑनलाइन लिए जाएंगे।
अन्य लिंक मार्गों की कराई जाएगी मरम्मत
हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की तरफ से जल्द ही कई अन्य लिंक मार्गों की भी मरम्मत कराई जाएगी। कुछ के एस्टीमेट भी तैयार किए जा रहे हैं, जबकि कुछ के एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय मंजूरी के भेजे गए हैं। इसके अलावा कुछ लिंक मार्गों के टेंडर जल्द लगाए जाएंगे।
पहले पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को सौंपे गए थे रोड
सरकार की तरफ से पहले हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड से रोड लेकर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर और जिला परिषद को दिए गए थे। इसके अलावा स्टॉफ को भी शिफ्ट कर दिया गया था, लेकिन उसके बाद सरकार ने दिए गए रोड़ों को हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड को सौंपने के आदेश दिए थे। इसके बाद हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड ने अपने सभी रोड पर काम कराना शुरू कर दिया है।
वर्जन
बोर्ड की तरफ से लिंक मार्गों की विशेष मरम्मत का काम किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यालय से अप्रूवल ली जाएगी। अप्रूवल मिलने के बाद वर्क ऑर्डर देकर काम शुरू करवा दिया जाएगा।-अजय राठी, एक्सईएन, हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड, झज्जर