बहादुरगढ़। थाना शहर क्षेत्र के अंतर्गत एक कार डेकोरेट करने वाले युवक के पास कुछ युवक आए और उससे उसका नाम और दुकान पूछते हुए डंडो से मार पिटाई शुरू कर दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए उसके साथी अस्पताल में ले गए। घायल ने इसकी शिकायत थाना शहर पुलिस को की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं लगा है।
देवेंद्र पुत्र जय सिंह निवासी मातन ने बताया है कि बादली रोड पर उसने हैप्पी कार डेकोरेट के नाम से दुकान की हुई है। गत दिवस शाम के करीब 5 बजे वह अपनी दुकान के बाहर बैठा हुआ था। उसी दौरान दो कार और एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर करीब 8-10 युवक आए। उनमें से एक ने उससे पूछा कि ये दुकान तेरी है तो उसने कहा कि हां मेरी है। यह सुनते ही उक्त युवकों ने उस पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इससे उसके हाथ और पैर के अलावा शरीर के अन्य अंगों पर गंभीर चोटें आई है। अन्य साथियों द्वारा उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उक्त युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।