बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर दुल्हेड़ा गांव के पास शुक्रवार की देर रात कार और ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो छात्रों की मौत हो गई थी। तीन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से एक और घायल छात्र इशु ने दम तोड़ दिया। अब हादसे में मरने वालों की संख्या तीन हो गई है। एक छात्र का अभी उपचार चल रहा है।
पुलिस ने शनिवार की सुबह मणिक और रेणु के शव का बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को कॉलेज में समारोह था। समारोह खत्म होने के बाद रात को ये सभी कार से लौट रहे थे। गाड़ी मणिक चला रहा था। गांव दुल्हेड़ा में ड्रेन के पास ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से इनकी कार की टक्कर हो गई। जिसमें ये सभी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मणिक, रेणु को मृत घोषित कर दिया। इशु को दिल्ली में स्थित निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां शनिवार को उसने भी दम तोड़ दिया। घायल खुशी और मोनिका का उपचार अभी चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए।