बहादुरगढ़। शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से सिटी सर्विलांस परियोजना के तहत 9.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया गया है। स्वीकृति के लिए फाइल मुख्यालय भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही नगर परिषद की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी करके काम शुरू कराया जाएगा।
योजना के अनुसार शहर की 27 लोकेशन चिह्नित की गई हैं। यहां पर 135 कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें 96 बुलेट कैमरे, 4 एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे और 35 पीटीजेड (पैन-टिल्ट-जूम) कैमरे शामिल होंगे। ये सभी कैमरे 6 और 9 मीटर ऊंचे पोल पर लगाए जाएंगे। इसके लिए 80 से अधिक नए पोल लगाए जाएंगे।
महर्षि दयानंद पार्क सेक्टर-9 के पास शहर की प्रवेश और निकासी पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। इससे वाहनों के नंबर आसानी से रीड किए जा सकेंगे। योजना के अंतर्गत शहर के सभी पार्कों, मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों को भी सिटी सर्विलांस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
शहर के मुख्य मार्गों पर पहले से ही कैमरे लगे हैं जिन्हें इस नई व्यवस्था से और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कैमरे लगने के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होने की उम्मीद है। इससे अपराधियों पर नजर रखना आसान होगा और किसी भी वारदात के बाद आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
इंसेट
सीसीटीवी कैमरों से सुलझी दो बड़ी वारदात
बहादुरगढ़ शहर में कुछ पहले माडर्न स्कूल के बाहर फायरिंग और सामूहिक दुष्कर्म जैसी गंभीर घटनाओं में अपराधी तक पहुंचने में सीसीटीवी की फुटेज से पुलिस को काफी मदद मिली थी। फुटेज के आधार और एआई तकनीक से पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की थी। ऐसे में सिटी सर्विलांस परियोजना को शहर की सुरक्षा के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।
इंसेट
इन स्थानों को किया सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए चिह्नित
पुलिस ने पुरानी कमेटी चौक, गांधी चौक, मुख्य बाजार किला के पास, माता सावित्री बाई फुले स्वागत द्वार, अस्पताल के पास, बालौर चौक, रेलवे फाटक बराही रोड, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाइट शेल्टर के पास बालौर रोड, सेक्टर-2 मोड़ आईटीआई के पास, ताऊ देवी लाल पार्क, महर्षि दयानंद पार्क सेक्टर-9, भगत सिंह पार्क, रेलवे पार्क, वीर सावरकर पार्क, सेक्टर-2 पार्क सामुदायिक केंद्र के पास, पुराना कंट्रोल रूम, सेक्टर-9 पार्क नंबर-2, सेक्टर-6 पार्क नंबर-1, सेक्टर-6 पार्क नंबर-2, सेक्टर-7 मार्केट, पुरानी सब्जी मंडी, मुख्य बाजार सुभाष चौक के पास, राव तुला राम पार्क, सेक्टर-9 मार्केट, सेक्टर-2 मार्केट, सेक्टर-9ए पार्क नंबर-1, सेक्टर-9ए पार्क नंबर-2 में सीसीटीवी लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए हैं। यहां पर आवश्यकता अनुसार कैमरों की संख्या भी निर्धारित की गई है।
वर्जन
सिटी सर्विलांस योजना का एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। 12 करोड़ की बजाय 9.34 करोड़ का एस्टीमेट बना है। एस्टीमेट की फाइल स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजी गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर लगाया जाएगा।-अरुण नांदल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, बहादुरगढ़।