-फोटो 82 : नागरिक अस्पताल में इसी एसी से चुराई गई कॉपर वायर। संवाद
बहादुरगढ़। शुक्रवार रात शहर के नागरिक अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाते हुए चोरों ने सीटी स्कैन व एक्स-रे विभाग की तीन एसी की कॉपर वायर चोरी कर ली। इतना ही नहीं अस्पताल परिसर में बीयर की बोतलें भी पड़ी मिलीं। इसके दो दिनों बाद तक अस्पताल में छुट्टी रही। सोमवार को स्टाफ पहुंचा तो घटना का पता चला।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है। अस्पताल में चोरी की यह पहली घटना नहीं है बल्कि इससे पहले भी कई बार अस्पताल में चोरी हो चुकी है। हाल ही में अस्पताल में सीटी स्कैन की सेवाएं शुरू की गई हैं। दो एसी के आउटर डिस्पेंसरी के पास लगाए गए हैं। इसी विभाग में लगे एसी से चोर कॉपर वायर निकालकर ले गए।
साथ ही एक्स-रे विभाग में लगे एसी से वायर निकाल ली। सुबह जब स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा तो घटना का पता चल सका। आशंका है कि चोर परिसर में काफी देर तक रुके हैं। डिस्पेंसरी के पास बीयर की सात खाली बोतलें भी मिली हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में स्थानीय स्तर पर रेकी कर चोरी की आशंका जताई है। लोगों का कहना है कि सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सेवा शुरू होने के तुरंत बाद इस तरह की घटना होना गंभीर मामला है। इससे मरीजों को भी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। वहीं कर्मचारियों में भी घटना को लेकर रोष है।
लोगों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने, रात के समय गार्ड की संख्या बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
-फोटो 82 : नागरिक अस्पताल में इसी एसी से चुराई गई कॉपर वायर। संवाद