बहादुरगढ़। रेल सेवाओं की बदहाली और रेल किराया बढ़ोतरी को लेकर नागरिक मंच बहादुरगढ़ ने कड़ा रोष जताया है। मंच का कहना है कि जब पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बंद है। रेलवे ट्रैक की हालत खराब है और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है ऐसे में किराया बढ़ाना पूरी तरह अनुचित है।
यह फैसला आम यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला है। नागरिक मंच ने मांग की है कि स्लीपर क्लास तक किराया न बढ़ाया जाए और भारतीय रेलवे द्वारा बंद की गई शकूरबस्ती सर्कुलर, फिरोजपुर पैसेंजर सहित सभी पैसेंजर ट्रेनों को दोबारा चलाया जाए।
इसके साथ ही ट्रैक की सुरक्षा और नियमित रखरखाव के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। मंच का कहना है कि इन अधूरे कार्यों के कारण यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिक मंच बहादुरगढ़ के संयोजक रामकिशन ने कहा कि सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध रेल सेवाएं आम नागरिक का अधिकार हैं। उन्होंने आगे कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मंच आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।