बहादुरगढ़। शहर के कई वार्डों में घरों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी नहीं पहुंच रही है। इससे आमजन को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में घरों में कूड़ा ज्यादा इकट्ठा हो रहा है और उसे फेंकने के लिए भी लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। शहर में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। जो सफाई के दावों पर पानी फेर रहे हैं।
कॉलोनियों में कूड़ा लेने वाली गाड़ी न पहुंचने के कारण घर में इकट्ठा होने वाला कूड़ा लोग सड़कों पर फेंक रहे हैं। इससे शहर की विभिन्न सड़कों पर दुर्गंध से आसपास का वातावरण खराब हो ही रहा है। साथ ही उमस और गर्मी के में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। शहर के वार्ड नंबर 20 के अंतर्गत आने वाली लालचंद कॉलोनी में कई दिनों से घर-घर से कूड़ा लेने वाली गाड़ी नहीं आ रही है।
कॉलोनी वासी कमलेश, सुमित्रा, अंगूरी, सरिता ने बताया कि पहले रोज कूड़ा लेने वाली गाड़ी गली में पहुंचती थी। अब कभी-कभार ही गाड़ी पहुंचती है। इससे उन्हें कूड़ा फेंकने में परेशानी हो रही है। घरों में ज्यादा कूड़ा इकट्ठा हो जाता है तो उसे कहां फेंका जाए। सिविल अस्पताल के साथ लगती सड़क पर पावर हाउस चौक के नजदीक डंपिंग प्वाइंट पर दिनभर कूड़ा पड़ा रहता है।