-फोटो 51 : रेलवे स्टेशन पर बनाए किया जा रहा पार्क का निर्माण। संवाद
बहादुरगढ़। अमृत भारत योजना के तहत बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य तेज गति से चल रहा है। अब रेलवे स्टेशन नए लुक में नजर आने लगा है। वीरवार को दिल्ली मंडल के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर (सीपीएम) केके गोस्वामी व डिप्टी सीपीएम मंदीप सिद्धू विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और यहां पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। स्टेशन के नवीनीकरण पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां पर पार्किंग, पार्क और सड़क बनाने के काम में तेजी आई है। इसी वर्ष यह कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
अमृत भारत योजना के अंतर्गत बहादुरगढ़ में जीआरपी थाने का भी निर्माण किया गया है। पहले यह थाना रेलवे स्टेशन पर ही था। अब उसे माल गोदाम की तरफ रेलवे अंडर पास की तरफ बनाया गया है। रेलवे स्टेशन के बड़े एरिये में पार्किंग बनाने का काम शुरू हो गया है। इसके दूसरी तरफ पार्क भी बनाया जा रहा है। रेलवे रोड से अंडरपास को जोड़ने के लिए सड़क का निर्माण भी जोरशोर से किया जा रहा है। स्टेशन का लगभग 60 से 65 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है। बिल्डिंग में तीसरे फ्लोर पर कार्य चल रहा है। रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य डेढ़ साल से हो रहा है।
पार्किंग बनाने के लिए तोड़े गए क्वार्टर
पार्किंग के लिए यहां बने क्वार्टरों को तोड़ दिया गया है। मिट्टी डालकर उसे समतल करने का काम चल रहा है। वहीं सड़क बनाने का कार्य भी चल रहा है। स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन को अति सुंदर व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर विश्व स्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। जल्द ही स्टेशन पर विद्युत, पार्किंग, वेटिंग एरिया, लैंड स्केपिंग जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जाएगा।
-फोटो 51 : रेलवे स्टेशन पर बनाए किया जा रहा पार्क का निर्माण। संवाद