बेरी। अनाज मंडी में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे है। एक माह में दूसरी बार चोरों ने दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी की घटना को अंजाम देने आए युवकों की तस्वीर मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मंडी में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, गुस्साए आढ़तियों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया।
अनाज मंडी में चोरों ने एक माह में दूसरी बार वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने बीती रात को दुकान नं. 1 व 93 के ताले तोड़े हैं। दुकान नं. 1 से करीब 12 सौ रुपये चोरी कर ले गए। दुकान 93 में चोरी की घटना को अंजाम देने में असफल रहे। जब चोर दुकान नबंर 93 में चोरी करने वाले थे तो पुलिस की राइडर गश्त करने पहुंची और चोर भाग गए।
बेरी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मंडी में पहुंचे और आढ़तियों को आश्वासन दिया कि मंडी में पुलिस की गश्त बढ़ा दी जाएगी ओर जल्द ही चोरी करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। लेकिन आढ़ती एक बात पर अड़े हुए थे कि पिछले माह 27 दिसंबर को चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये चुरा लिए थे। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है और एक बार मंडी में दो दुकानें तोड़ कर चोरी हो गई। करीब एक घंटे थाना प्रभारी की ओर से आढ़तियों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन आढ़तियों का कहना था कि पिछले माह हुई चोरी के बाद उपमंडल अधिकारी ने मंडी में चारदीवारी ऊंची करवाकर तारबंदी करने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने व दो चौकीदार रात के समय में गश्त के लिए रखने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक माह का समय बीत जाने के बाद मंडी में कोई तारबंदी नहीं हुई, न ही सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। उसी फायदा उठाकर चोरों ने एक बार फिर बुधवार रात को दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। आढ़तियों की मुख्य मांगें थीं कि मंडी में रात को दो चौकीदारों का प्रबंध किया जाए, मंडी की चारदीवारी ऊंची कर तारबंदी की जाए, सीसीटीवी कैमरे लगवाएं जाए।
आढ़तियों ने मंडी में करोड़ों की दुकान ले रखी है। मंडी में हर वर्ष आढ़तियों की तरफ से लाखों का राजस्व जाता है, उसके बावजूद भी कोई सुविधा नहीं है।
- तेजबीर बाघपुर, प्रधान मंडी एसोसिएशन बेरी।
मंडी में दुकान नं. 1 व 93 के ताले तोड़कर चोरी होने की सूचना मिली थी। दुकान नं. 1 से कैश चोरी हुआ है। आढ़तियों को आश्वासन दिया है कि मंडी में पुलिस की गश्त और बढ़ा दी जाएगी। आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी नही होने दी जाएगी। एक माह पहले हुई चोरी के मामले में जांच चल रही है।
- जितेंद्र सिंह, थाना प्रभारी बेरी।