झज्जर रोड पर सब्जी मंडी के सामने स्थित एक किराना स्टोर से बीती रात अज्ञात चोर 30 हजार के सामान पर हाथ साफ कर गए। थाना शहर में अज्ञात चोरों के खिलाफ दुकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उनका कोई सुराग नहीं है।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तम कॉलोनी निवासी अश्वनी कुमार ने बताया है कि उसकी सब्जी मंडी के सामने किराना स्टोर की दुकान है और शुक्रवार की शाम 7 बजे वह ताला लगाकर अपनी दुकान को ठीकठाक बंद करके गया था। अज्ञात चोरों ने रात के समय उसकी दुकान का शटर तोड़कर हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता उसे शनिवार की सुबह उसके पड़ोसी दुकानदार रविंद्र निवासी नेहरू पार्क के माध्यम से चला। उसने घर पहुंचकर इसकी जानकारी दी कि उनकी दुकान का शटर उखड़ा हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचा तो गली की साइड वाला शटर उखाड़कर दुकान के अंदर से चोरी की गई है। जांच करने पर पता चला कि दुकान के अंदर से 30 हजार का सामान जिसमें सिगरेट, घी के अलावा अन्य काफी सामान चोरी हुआ है। इसकी शिकायत दुकान मालिक अश्वनी ने तुरंत पुलिस को दी। थाना शहर से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।