बहादुरगढ़। गांव सिद्दीपुर में नाले के पास एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाले एक एजेंट पर गाड़ी में सवार कुछ युवकों ने गोली चला दी। गोली एजेंट के कंधे के पास लगी है। उसे जख्मी हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। सूचना मिलने पर थाना सदर प्रबंधक व जांच अधिकारी की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
मंजीत नामक युवक एक फाइनेंस कंपनी में बतौर रिकवरी एजेंट काम करता है। मंजीत और उसके कुछ साथी अपनी गाड़ी से एक पंजाब नंबर की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। उक्त गाड़ी की किश्त नहीं भरी गई थी। इन्हें यह गाड़ी लिफ्ट करनी थी। पीछा करते हुए ये सिद्दीपुर में नाले के रास्ते पर पहुंच गए। वहां इन्होंने गाड़ी को इशारा देकर रुकवाना चाहा। उक्त गाड़ी में 4-5 युवक सवार थे। उनमें से कुछ के पास हथियार थे। मंजीत के अनुसार उनमें से एक युवक ने गोली चला दी जो कि उसके कंधे पर जा लगी। गोली चलाने के बाद कार सवार युवक मौके से भाग गए। इसके बाद साथियों ने उसे संभाला और बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल लाए। सूचना मिलते ही सदर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल के बयान लिए। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में जांच चल रही है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले को सुलझाएंगे।