03jjrp22- झज्जर अनाज मंडी में सूखती गेहूं की फसल व उसमें आई नमी। संवाद
- फोटो : kathua
झज्जर। झज्जर की अनाज मंडी में शुक्रवार को बारिश के कारण गेहूं की फसल भीगने के बाद अब उसे सुखाने का काम शुरू कर दिया गया है। शनिवार को पूरा दिन मंडी में गेहूं व सरसों की बची हुई फसल को सुखाने का काम किया गया। गेहूं की फसल को खुले आसमान के नीचे धूप में सुखाया गया। इसके अलावा बोरियों को खाली करके भी गेहूं की फसल को धूप में सुखाया गया।
धूप व हवा लगने से काफी हद तक गेहूं की फसल सूख गई। हालांकि अब भी मंडी में पड़ी गेहूं में नमी की मात्रा ज्यादा है और उसे पूरी तरह से सूखने में एक-दो दिन का समय लग सकता है। आढ़तियों का कहना है कि यदि समय पर इसका उठान कर लिया जाता तो इतना ज्यादा नुकसान नहीं होता। यह गोदाम के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण हुआ है। इसका भुगतान सरकार को करना चाहिए।
95 प्रतिशत सरसों व 81 प्रतिशत गेहूं का हुआ उठान
जिले में रबी सीजन की सरसों व गेहूं खरीद के उपरांत मंडियों में एजेंसियों द्वारा निरंतर उठान कार्य जोरों पर चल रहा है। अब तक 95 प्रतिशत सरसों और 81 प्रतिशत गेहूं उपज का उठान हो चुका है। वहीं डीसी प्रदीप दहिया ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि स्टोरेज को लेकर बेहतर प्लानिंग के साथ कार्य करें, जिससे लिफ्टिंग के कार्य में किसी प्रकार की देरी ना हो। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को अनाज मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।