फोटो 67: नागरिक अस्पताल में एम्बुलेंस से बच्चे को पीजीआईएमएस ले जाते हुए। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के झज्जर मोड़ स्थित एक प्लाजा की तीसरी मंजिल पर शौच के लिए गई महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई और खुले स्थान पर ही उसकी डिलिवरी करानी पड़ी। आसपास मौजूद जागरूक लोगों और महिला स्टाफ की तत्परता से जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। दोनों को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से शिशु को पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।
महिला बहादुरगढ़ के एक गांव की रहने वाली है। वह बहादुरगढ़ शहर में किसी काम से आई थी। सोमवार को उसे यूरिनल प्रेशर हुआ तो वह झज्जर मोड़ के पास स्थित एक भवन की तीसरी मंजिल पर बने कंप्यूटर संस्थान के वाॅशरूम में चली गई। इसी दौरान उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उसने तुरंत हेल्प-हेल्प की आवाज लगाई।
आवाज सुनकर मदद को आई महिला स्टाफ व निजी अस्पताल की नर्स ने मौके पर ही डिलिवरी कराई। मदद की आवाज सुनकर संस्थान के संचालक भी मौके पर पहुंचे। महिला की स्थिति गंभीर होने के चलते मौके पर ही खुले में डिलिवरी कराने का निर्णय लिया गया। महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
डिलिवरी पूरी होते ही टीम ने 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। साथ ही सिविल अस्पताल से एम्बुलेंस और नर्सिंग स्टाफ को भी मौके पर भेजा गया। पुलिस और एम्बुलेंस कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मां-बेटे दोनों को सुरक्षित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
फोटो 67: नागरिक अस्पताल में एम्बुलेंस से बच्चे को पीजीआईएमएस ले जाते हुए। संवाद