-फोटो 61 : धर्म विहार कॉलोनी से टै्रक्टरों के जरिये पंप सेट लगाकर निकाला जा रहा पानी। संवाद
बहादुरगढ़। तीन सप्ताह से परेशान शहर की तीन कॉलोनियों के लोगों को अब राहत मिलने लगी है। कॉलोनियों में भरे मुंगेशपुर ड्रेन के पानी की निकासी तेज हो गई है। प्रशासन की ओर से कॉलोनियों में अतिरिक्त पंप सेट और ट्रैक्टर लगाए गए हैं। मुंगेशपुर ड्रेन का जलस्तर भी लगातार कम हो रहा है। जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव करने के साथ-साथ प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य जांच कैंप भी लगाए जा रहे हैं। छोटूराम नगर में भी तीन फीट भरा पानी अब आधा फीट कम हो गया है। अभी पूरी तरह इससे छुटकारा पाने में समय लगेगा। छोटूराम नगर में प्रवासियों की मदद के लिए शहरवासी लगातार जुटे हुए हैं।
विवेकानंद नगर निवासी ऋषि कुमार, प्रीतम शर्मा, मनोज कुमार, सुशील कुमार ने बताया कि कॉलोनी में मुंगेशपुर ड्रेन का पानी भरे हुए तीन सप्ताह बीत गए हैं। अब जाकर पानी मामूली तौर पर कम हो रहा है। इससे उन्हें राहत मिल रही है। मुंगेशपुर ड्रेन से भी पानी की निकासी शुरू हो गई है।
धर्म विहार कॉलोनी से भी पानी कम हो रहा है। छोटूराम नगर निवासी सुरेन सिंह, मनोज त्यागी, वीरेंद्र कुमार, संदीप पांडे, विकास शर्मा ने बताया कि मुंगेशपुर ड्रेन का पानी कम होने से उन्हें मामूली रूप से राहत मिलने की संभावना नजर आने लगी है।
अभी पानी की निकासी जल्द संभव नहीं है। जब तक ड्रेन का पानी कम से कम दो से तीन फीट कम नहीं हो जाता तब तक उनकी कॉलोनी से पानी की निकासी नहीं हो सकती क्योंकि उनकी कॉलोनी का लेवल काफी नीचा है और पानी काफी मात्रा में भरा हुआ है। फिर भी पानी मामूली तौर पर कम हो रहा है।
जब तक ड्रेन का पानी स्पीड में फ्लो नहीं होगा तब तक कॉलोनी में भरे पूरे पानी की निकासी संभव नहीं है। बाढ़ के पानी से सबसे ज्यादा प्रभावित छोटूराम नगर के लोग हुए हैं क्योंकि ये प्रवासी हैं और आसपास की फैक्ट्रियों में काम करके अपने परिवार का पेट भरते थे।
तीन सप्ताह से काफी संख्या में लोग अपने काम पर नहीं जा रहे हैं। ऐसे में घरों में खाने-पीने का सामान भी शहर की सामाजिक संस्थाएं और सामाजिक लोग ही उपलब्ध करवा रहे हैं। शहरवासी लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं।