झज्जर। कोरोना वैक्सीन आने का इंतजार वीरवार की शाम को खत्म हो गया। रोहतक के केंद्रीय दवा भंडारण से झज्जर जिले को प्रथम चरण में इसकी 7990 डोज मिली हैं। 16 जनवरी को सिविल सर्जन डॉक्टर संजय दहिया की अगुवाई में कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण की शुरुआत की जाएगी। जिले में पहले पांच स्थानों पर कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए केंद्र बनाए गए थे। लेकिन विभाग के मुख्यालय के आदेश पर फिलहाल दो केंद्रों पर वैक्सीन का कार्य शुरू किया जाएगा। झज्जर से 16 जनवरी की सुबह ही उक्त दोनों स्थानों पर वैक्सीन पहुंचाई जाएगी। फिलहाल झज्जर के दवा भंडारण में विशेष रूप से वैक्सीन के लिए विभाग की तरफ से भेजे गए रेफ्रिजरेटरों में इसे रखा गया है। इस मौके पर चीफ फार्मासिस्ट जश्मेेर सिंह हुड्डा, वीसीसीएम विकास कुमार, आकाश गोयल व अन्य मौजूद रहे।
प्रथम चरण में 5707 कर्मचारियों को लगाई जाएगी वैक्सीन
16 जनवरी से अभियान की शुरुआत की जाएगी। जिले में प्रथम चरण में 5707 स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिसकर्मियों सहित फ्रंट लाइन में रहने वाले लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। विभाग की तरफ से वैक्सीन के लिए पूर्वाभ्यास भी किया जा चुका है। वैक्सीन के भंडारण के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल में पहले ही व्यवस्था की जा चुकी थी। यहां से 16 जनवरी को निर्धारित केंद्रों पर वैक्सीन भेजी जाएंगी। उसके 28 दिन बाद वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी।
दो स्थानों पर लगाई जाएगी वैक्सीन
विभाग को लाभार्थियों की सूची मिली है। टीका देने के लिए प्रशिक्षित कर्मियों को इन केंद्रों में बने विभिन्न कक्षों में नियुक्त किया गया है। पहले 5 संस्थाओं में कोरोना टीकाकरण को लेकर केंद्र बनाए गए थे। जिनमें नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़, सीएचसी डीघल, पीएचसी सिलानी, पीएचसी मातनहेल व अर्बन पीएचसी सीता राम गेट झज्जर को केंद्र गया। लेकिन अब केवल डीघल सीएचसी व बहादुरगढ़ के अस्पतालों में बनाए गए केंद्रों पर ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
कोरोना वैक्सीन झज्जर पहुंच गई है। पूरे प्रदेश में एक साथ टीकाकरण का शुभारंभ किया जाएगा। अब विभाग के आदेश पर दो स्थानों पर वैक्सीन लगाने की व्यवस्था रहेगी। बाकी विभाग के मुख्यालय के निर्देशानुसार कार्य किया जाएगा।
- डॉ. संजय दहिया, सीएमओ, झज्जर।